आईटा ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकने की मांग उठाई, छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन को हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
रामपुर: ऑल इंडिया आइडियल टीचर्स एसोसिएशन (आईटा) का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में रामपुर पहुंचा। राष्ट्रीय सचिव शकील अहमद, प्रदेश अध्यक्ष नज़ीरुल हसन, प्रदेश सचिव क़दीर अहमद इस्लाही और प्रदेश संयोजक सज्जादुल्ला त्यागी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
आईटा पदाधिकारियों ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी एक अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान है, जहां सभी धर्मों और वर्गों के छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त करते हैं। ऐसे में संस्थान को सुरक्षित रखा जाना चाहिए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ छात्रों को भरोसा दिलाया कि आईटा हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है और हरसंभव सहयोग करेगी। संगठन ने कहा कि शिक्षा के हित में यह संस्थान सुरक्षित रहना चाहिए।
आईटा ने घोषणा की कि विश्वविद्यालय में अधिक से अधिक विद्यार्थियों के प्रवेश को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता और प्रवेश अभियान चलाया जाएगा, ताकि शिक्षा का यह केंद्र और अधिक मजबूत बन सके।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया। आईटा पदाधिकारी छात्रों के धरने में भी शामिल हुए और उनके साथ एकजुटता व्यक्त की। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।