NEET पेपर लीक पर डिंपल यादव का हमला, बोलीं- शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, छात्रों को न्याय मिले
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को शिक्षा, आरक्षण, जौहर यूनिवर्सिटी और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि “दिल्ली में परीक्षा का आंदोलन चल रहा है और रामपुर में शिक्षा का। जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने से ही छात्रों का भविष्य बचेगा।” उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रामपुर पहुंचकर छात्रों की मांगों का समर्थन कर चुका है।
सपा 26 को मनाएगी संविधान -मानस्तंभ स्थापना दिवस
सपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में अखिलेश यादव ने घोषणा की कि 26 जुलाई को पार्टी पूरे प्रदेश में ‘संविधान -मानस्तंभ स्थापना दिवस’ मनाएगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन छत्रपति शाहूजी महाराज ने कोल्हापुर में आरक्षण लागू किया था, जो सामाजिक न्याय की ऐतिहासिक शुरुआत थी। उनका कहना था कि “जब संविधान बचेगा तभी आरक्षण बचेगा।”
सरकार छात्रों की आवाज दबा रही है…
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर प्रदर्शनकारी युवाओं के बीच अपने समर्थकों को भेजने, छात्रों पर कार्रवाई और विभिन्न घटनाओं को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार कम हो रहा है और लोग सरकार की नीतियों से निराश हैं। इसके अलावा अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अयोध्या राम मंदिर में कथित ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग उठाई। उन्होंने इन मुद्दों पर सरकार के रवैये पर सवाल खड़े करते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही।
NEET पेपर लीक पर डिंपल यादव का हमला, बोलीं- ‘शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, छात्रों को न्याय मिले
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने NEET पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्र और विपक्ष चाहते हैं कि पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा हो और जिम्मेदारी तय की जाए। डिंपल यादव ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की जरूरत बताते हुए आरोप लगाया कि छात्रों के साथ पुलिस द्वारा कथित ज्यादती हुई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाने के लिए दोषियों पर कार्रवाई और जवाबदेही तय होना जरूरी है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
