महानिदेशक रक्षा संपदा शोभा गुप्ता ने किया लोकार्पण, छात्रों को मिलेगी आधुनिक खगोल विज्ञान की शिक्षा, बरेली छावनी के नवाचारों की हुई सराहना
बरेली : बरेली छावनी स्थित रवीन्द्रनाथ टैगोर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कॉलेज परिसर में भारत के महान साहित्यकार एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्थापित अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी लैब (Astronomy Lab) का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।प्रतिमा का अनावरण महानिदेशक रक्षा संपदा, नई दिल्ली श्रीमती शोभा गुप्ता तथा प्रधान निदेशक रक्षा संपदा, मध्य कमान लखनऊ श्रीमती भावना सिंह ने संयुक्त रूप से किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, छावनी परिषद के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
छात्रों को मिलेगी आधुनिक खगोल विज्ञान की शिक्षा

उद्घाटन के बाद अतिथियों ने एस्ट्रोनॉमी लैब का निरीक्षण किया। बताया गया कि इस आधुनिक प्रयोगशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की व्यवहारिक और आधुनिक शिक्षा मिलेगी। इससे छात्रों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना को बढ़ावा मिलेगा तथा विज्ञान के प्रति उनकी रुचि और अधिक विकसित होगी।
छावनी परिषद के विकास कार्यों की सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानिदेशक शोभा गुप्ता और प्रधान निदेशक भावना सिंह ने छावनी परिषद बरेली की मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन द्वारा शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल नवाचार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बरेली छावनी में किए जा रहे नवाचार देश की अन्य छावनियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।
ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में रक्षा संपदा, मध्य कमान लखनऊ के निदेशक पुष्पेन्द्र और महेश चन्द्र सैनी, छावनी परिषद बरेली के नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल, विद्यालय परिवार, छावनी परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और वैज्ञानिक सोच ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।
