मुंबई : मुंबई में होने वाले बीएमसी चुनावों से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे और तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई के बीच जुबानी जंग ने सियासी माहौल गरमा दिया है। राज ठाकरे द्वारा अन्नामलाई पर की गई टिप्पणी के बाद अब भाजपा नेता ने तीखा पलटवार किया है।
दरअसल, मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस की संयुक्त रैली के दौरान राज ठाकरे ने अन्नामलाई को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कुछ दिन पहले तमिलनाडु से कोई “रसमलाई” मुंबई आया है, तुम्हारा यहां क्या संबंध है? उन्होंने अन्नामलाई के मुंबई और महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर बोलने के अधिकार पर भी सवाल खड़े किए थे। राज ठाकरे के इस बयान के बाद कुछ एमएनएस समर्थकों की ओर से अन्नामलाई को मुंबई आने पर धमकियां भी दी गईं, यहां तक कि उनके पैर काटने तक की बात कही गई।
इन धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता के अन्नामलाई ने सोमवार को चेन्नई में मीडिया से बातचीत के दौरान राज ठाकरे पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें कई धमकियां मिली हैं, जिनमें उनके पैर काटने की धमकी भी शामिल है। अन्नामलाई ने चुनौती देते हुए कहा कि वे मुंबई जरूर आएंगे और अगर किसी में हिम्मत है तो उनके पैर काटकर दिखाए।
अन्नामलाई ने कहा, “आदित्य ठाकरे और राज ठाकरे मुझे धमकी देने वाले कौन होते हैं? मुझे किसान का बेटा होने पर गर्व है। अगर मैं धमकियों से डरता, तो अपने गांव से बाहर ही नहीं निकलता।” उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ उन्हें गाली देने के लिए बैठकें की जा रही हैं, जिससे लगता है कि वे अब कुछ लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण हो गए हैं।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि अगर वह कामराज को भारत के महान नेताओं में से एक बताते हैं, तो क्या इससे कामराज तमिल नहीं रह जाते? और अगर वह मुंबई को एक विश्व स्तरीय शहर कहते हैं, तो क्या इसका मतलब यह है कि महाराष्ट्र के लोगों का इसमें योगदान नहीं है? उन्होंने ऐसे बयानों को नासमझी करार दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को भी राज ठाकरे ने अन्नामलाई पर मुंबई को “अंतरराष्ट्रीय शहर” बताए जाने को लेकर निशाना साधा था। बीएमसी चुनावों से पहले इस तरह की बयानबाजी से साफ है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति और ज्यादा गर्माने वाली है।
