टनकपुर-दिल्ली-टनकपुर जनशताब्दी को मिला 2 मिनट का स्टॉपेज, क्षेत्रीय यात्रियों को बड़ी राहत
पीलीभीत/बरेली : यूपी के पीलीभीत जिले के मझोला पकड़िया रेलवे स्टेशन के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद रेलवे प्रशासन ने टनकपुर-दिल्ली-टनकपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस को यहां दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव देने की मंजूरी दे दी। गुरुवार को जिले के सांसद और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने मझोला पकड़िया स्टेशन पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जनता की लंबे समय से थी मांग
अब तक इस प्रमुख ट्रेन का मझोला पकड़िया स्टेशन पर ठहराव नहीं होता था। जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को टनकपुर या दिल्ली जाने के लिए अन्य स्टेशनों तक जाना पड़ता था। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में लगातार मांग उठाई थी।।नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी कुमार और सांसद जितिन प्रसाद से मुलाकात कर स्टेशन पर ठहराव की मांग रखी थी। जनभावना को देखते हुए रेलवे मंत्रालय ने प्रस्ताव को स्वीकृति दी और गुरुवार से दो मिनट का ठहराव लागू कर दिया गया।
विकास की दिशा में बड़ा कदम
हरी झंडी दिखाने के बाद सांसद जितिन प्रसाद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि रेल सुविधाओं का विस्तार स्थानीय व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को नई गति देगा

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे मझोला पकड़िया के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। अब यह स्टेशन भी जनशताब्दी जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन के नेटवर्क से जुड़ गया है, जिससे हजारों यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
