बरेली जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ ने बबलू को गिरफ्तार किया।
बरेली : रेल यात्रियों को नशा देकर लूटने वाले कुख्यात जहरखुरान गिरोह के सदस्य को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बरेली जंक्शन से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बबलू, बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र के गांव दियोरारा का निवासी है। उसके पास से 6250 नकद और 60 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।
संयुक्त टीम की बड़ी सफलता
शुक्रवार देर शाम रेलवे स्टेशन बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संदिग्धों की चेकिंग के दौरान पुलिस को यह कामयाबी मिली। जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में आरोपी बबलू को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह तीन महीने पहले बरेली में हुई जहरखुरानी की वारदात में भी शामिल था।
नशा देकर यात्रियों को लूटता था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि बबलू यात्रियों को पहले दोस्ती और विश्वास में लेकर उन्हें नशीला पदार्थ खिला देता था। इसके बाद यात्रियों के बेहोश होते ही उनका सामान और नकदी लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार, बबलू के खिलाफ हरदोई और बदायूं में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। टीम ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा, दरोगा संजीव कुमार, अनुराग प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल रामेन्द्र कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, मो. आलम, और आरपीएफ के दरोगा सुनील दत्त चौबे व कांस्टेबल सचिन शर्मा शामिल रहे।
बरेली में बढ़ रही जहरखुरानी वारदातों पर लगेगी रोक
रेलवे यात्रियों को निशाना बनाने वाले ऐसे अपराधों पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।अधिकारियों का कहना है कि जहरखुरानों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिया जा सके।
