प्रयागराज : फतेहपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है जहाँ बिजली विभाग में फैले भ्रष्टाचार की पोल एक बार फिर खुल गई है। प्रयागराज एंटी करप्शन टीम ने फतेहपुर के बिजली विभाग में तैनात एसडीओ प्रेमचंद्र और उसके प्राइवेट मुंशी अतुल सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
शिकायत पर एंटी करप्शन टीम की दबिश
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी विकास सिंह भदौरिया के पिता के मकान का बिजली बिल काफी बढ़ा हुआ आया था। बिल संशोधित कराने के लिए जब उन्होंने एसडीओ से संपर्क किया, तो उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई।
गोपनीय जांच में सही निकली शिकायत
विकास सिंह ने रिश्वत की इस मांग की शिकायत प्रयागराज एंटी करप्शन कार्यालय में की। शिकायत की गोपनीय जांच की गई, और मामला सही पाया गया। इसके बाद टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया और गुरुवार को कार्रवाई के लिए फतेहपुर पहुंची।
ट्रैप ऑपरेशन में एसडीओ और मुंशी पकड़े गए
टीम में इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह, अंजली यादव, अलाउद्दीन अंसारी और दारोगा अर्जुन सिंह शामिल थे। जैसे ही एसडीओ प्रेमचंद्र और उसका मुंशी अतुल सिंह ने पैसे लिए, टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार किए गए एसडीओ प्रेमचंद्र जौनपुर के चंदवक, ब्राम्हणपुर के रहने वाले हैं, जबकि मुंशी अतुल सिंह आजमगढ़ के मेहराजपुर डंडवल का निवासी है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि विभाग इस पूरे प्रकरण पर क्या कदम उठाता है।
