पटना/दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पटना में इंडिया गठबंधन द्वारा आयोजित चक्काजाम प्रदर्शन में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में भी वही “खेल” खेला जा रहा है, जो महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हुआ था, वोटरों की चोरी।
“बिहार की जनता अपना हक नहीं छिनने देगी”
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि “महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को जनता ने जिताया, लेकिन विधानसभा में हम बुरी तरह हारे। तब हमने देखा कि वहां एक ही दिन में हजारों वोट कैसे जुड़ गए। एक करोड़ नए वोटर कहां से आ गए? जवाब आज तक नहीं मिला। और अब वही साजिश बिहार में की जा रही है।”राहुल ने यह भी कहा कि बिहार की जनता डरने वाली नहीं है। वह अपना हक खुद छीनना जानती है।
चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “चुनाव आयोग के अफसर आज भाजपा और आरएसएस के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि संविधान सबसे ऊपर है। पहले चीफ जस्टिस और सभी दल मिलकर चुनाव आयुक्त चुनते थे, लेकिन अब सिर्फ भाजपा यह निर्णय ले रही है।”
“यह सिर्फ वोट की नहीं, भविष्य की चोरी”
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में चल रही मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया दरअसल दलितों, पिछड़ों और गरीबों के वोट हटाने की साजिश है। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट तक साझा नहीं की जा रही, जिससे पारदर्शिता खत्म हो रही है। “यह सिर्फ वोट की नहीं, भविष्य की चोरी है। लेकिन इंडिया गठबंधन इसका पुरजोर विरोध करेगा और जनता का साथ देगा।”पटना में राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव, भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी और पप्पू यादव भी मौजूद थे। इन नेताओं ने इनकम टैक्स गोलंबर से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाला और नारेबाजी की।
