बड़ोदरा/दिल्ली : गुजरात के वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला गंभीरा नदी पुल बुधवार सुबह अचानक ढह गया। हादसे के वक्त ब्रिज पर कई वाहन मौजूद थे, जो सीधे नदी में गिर गए। हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी है।
मरने वालों की संख्या 9 पहुंची
वडोदरा कलेक्टर अनिल धमेलिया ने पुष्टि की कि अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। हादसे में 6 लोग घायल हैं। जिनमें से एक की हालत गंभीर है। 4 से 5 गाड़ियाँ नदी में बह गईं। सुबह होते ही प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। स्थानीय तैराकों, दमकल कर्मियों और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत कार्य शुरू किया। अब भी कुछ लोगों के लापता होने की आशंका है।
जानें कैसे टूटा ब्रिज
गंभीरा नदी पर बना यह पुराना पुल था, जो वडोदरा से आणंद को जोड़ता था। सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में भारी बारिश के कारण पुल की नींव कमजोर हो गई थी, लेकिन इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोग बोले, पहले से दिख रही थीं दरारें
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस पुल में बीते कुछ महीनों से दरारें देखी जा रही थीं, लेकिन इसे नज़रअंदाज़ किया गया। अब इस हादसे ने लोगों की जान ले ली है। सोशल मीडिया पर भी ब्रिज की पुरानी तस्वीरें वायरल हो रही हैं। जिनमें दरारें स्पष्ट देखी जा सकती हैं। इस हादसे के बाद सवाल खड़े होने लगे हैं।
