सीवरेज की सफाई के दौरान हुआ हादसा, कई मजदूर बेहोश, दो की हालत गंभीर
पंजाब : लुधियाना में सोमवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। आरके रोड स्थित पाना-चाबी (टूल) बनाने वाली एक फैक्टरी में सीवरेज से जहरीली गैस का रिसाव होने से पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
सीवर का ढक्कन खुलते ही निकली जहरीली गैस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्टरी में रोजाना की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान सीवरेज की सफाई और गाद निकालने के लिए कुछ लोगों को बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि जैसे ही सीवर का ढक्कन खोला गया, अचानक जहरीली गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। गैस इतनी घातक थी कि मौके पर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मजदूरों में मची भगदड़
गैस रिसाव के बाद जहरीली गैस पूरे फैक्टरी परिसर में फैल गई। काम कर रहे मजदूरों की आंखों में तेज जलन और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति बिगड़ते ही कई कर्मचारी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। फैक्टरी में भगदड़ जैसे हालात बन गए। गंभीर रूप से प्रभावित मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान माना और उनके बेटे अमित के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अमित अपने पीछे पत्नी, एक साल की मासूम बेटी, दो बहनें और एक छोटे भाई को छोड़ गए हैं। परिवार के दो कमाने वाले सदस्यों की एक साथ मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।
जांच में जुटा प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही थाना मोती नगर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना मोती नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। गैस रिसाव के कारणों और सुरक्षा मानकों की स्थिति की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच में जुटा हुआ है।
