लखनऊ : राजधानी लखनऊ में सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन में शुक्रवार को ब्रह्मकुमारीज संस्थान द्वारा राज्यस्तरीय ध्यान योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रहीं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहे। मंच पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने राष्ट्रपति का औपचारिक स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में लोग उपस्थित थे और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। बिना पास और जांच के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। बच्चों ने मयूर नृत्य प्रस्तुत कर राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने कलश लेकर दीदियों को तथा ध्वजा के साथ भाइयों को सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ के रंगोली कलाकार हितेश द्वारा बनाई गई गुलजार दादी और राष्ट्रपति की रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। संस्थान के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी डॉ. बीके मृत्युंजय ने बताया कि राष्ट्रपति के लिए एक विशेष ध्यान कक्ष तैयार किया गया था, जहां वह कुछ समय राजयोग का अभ्यास करेंगी।
कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ध्यान योग के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का जो अभियान शुरू किया जा रहा है, वह समाज को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने ब्रह्मकुमारीज संस्थान की टीम को बधाई दी और कहा कि राजयोग से समाज में शांति और समरसता बढ़ती है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि 1937 में बने इस संस्थान ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति को सद्गुणों की ओर ले जाता है और यह केवल एक अभ्यास नहीं बल्कि संपूर्ण सकारात्मक जीवन शैली है। मेडिटेशन आत्मा की अमरता का बोध कराता है और तनाव को दूर करता है। आध्यात्मिक अनुभव से भय और नकारात्मकता समाप्त होती है और व्यक्ति स्वयं को समझने लगता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन की शुरुआत “ओम शांति” से की और ध्यान योग अभियान के लिए ब्रह्मकुमारीज संस्था को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक के युग में तरक्की के बावजूद समाज में एकाकीपन, ईर्ष्या और अविश्वास बढ़ा है, जिसका समाधान मेडिटेशन में है। उन्होंने कहा कि हमें केवल आगे बढ़ने की नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर झांकने की भी आवश्यकता है। स्वस्थ विचार और स्वच्छ भावनाएं ही विश्वास, प्रेम और भाईचारा उत्पन्न करती हैं। राष्ट्रपति ने ब्रह्मकुमारीज संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संगठन शांति, सुख, प्रेम, नारी सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
