लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति और यादव परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर इस वक्त सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रविदास मेहरोत्रा ने प्रतीक यादव की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मौत को सामान्य या प्राकृतिक मानने से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस पूरे मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।
सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रतीक यादव की मौत अचानक और बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने कहा कि जब प्रतीक यादव को अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर मौत प्राकृतिक थी, तो फिर पोस्टमॉर्टम क्यों कराया गया।
रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया कि डॉक्टरों ने भी माना है कि प्रतीक यादव के शरीर पर चोट के निशान थे और शरीर नीला पड़ चुका था, जो किसी जहरीले पदार्थ की ओर संकेत करता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी शरीर पर छह चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है। इनमें कुछ चोटें एक हफ्ते पुरानी बताई जा रही हैं, जबकि कुछ चोटें एक दिन पहले की बताई गई हैं।
सपा नेता ने कहा कि शरीर के अंदर जहर मिलने की बात भी सामने आई है, इसलिए यह मामला बेहद गंभीर हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौत के बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया और फिर शव को करीब पांच घंटे तक मोर्चरी में रखा गया। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम कई सवाल खड़े करता है और इसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। रविदास मेहरोत्रा ने मांग की है कि इस मामले की जांच उच्च न्यायालय के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि परिवार और जनता दोनों को यह जानने का अधिकार है कि आखिर प्रतीक यादव की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
इधर, प्रतीक यादव के निधन के बाद राजनीतिक जगत से लगातार संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव भी भाजपा नेता अपर्णा यादव के आवास पहुंचीं और प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताई और कुछ देर तक परिजनों के साथ रहीं। इसके बाद वह वहां से रवाना हो गईं।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रतीक यादव के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव हाथ जोड़कर पास में खड़ी नजर आईं। माहौल बेहद गमगीन था और परिवार के सदस्य दुख में डूबे दिखाई दिए। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इस दौरान मौजूद रहे। उन्होंने अपने भाई प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर के पास खड़े होकर अंतिम श्रद्धांजलि दी। परिवार के कई सदस्य और करीबी रिश्तेदार भी मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी प्रतीक यादव के आवास पहुंचकर अंतिम दर्शन किए और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
फिलहाल प्रतीक यादव की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों और सपा नेताओं के आरोपों के बाद यह मामला और ज्यादा गंभीर हो गया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन और जांच एजेंसियां इस मामले में आगे क्या कदम उठाती हैं और क्या मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।
