तिरुवनंतपुरम-केरल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए तिरुवनंतपुर नगर निगम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत की सराहना की। उन्होंने इसे केरल की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत बताते हुए कहा कि यह दशकों से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा द्वारा की जा रही उपेक्षा के अंत और विकास व सुशासन के नए युग की शुरुआत है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में एलडीएफ और यूडीएफ दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दोनों मोर्चों ने अलग-अलग रास्तों से केरल को भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और तुष्टिकरण की राजनीति के दुष्चक्र में फंसा दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भले ही इन दलों के झंडे और चुनाव चिन्ह अलग हों, लेकिन उनकी राजनीति और एजेंडा लगभग एक जैसा ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ही दलों ने बेलगाम भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, जवाबदेही की भावना को कमजोर किया और समाज में विभाजनकारी राजनीति को हवा दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ को यह भरोसा रहा है कि हर पांच साल में बारी-बारी से उन्हें सत्ता मिलती रहेगी। इसी कारण जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान की ओर कभी गंभीर प्रयास नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि वर्षों से केरल के लोग जिन समस्याओं से जूझ रहे हैं, वे आज भी जस की तस बनी हुई हैं, क्योंकि इन दलों की प्राथमिकताओं में आम जनता की जरूरतें कभी ऊपर नहीं रहीं।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से तिरुवनंतपुरम शहर का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों तक इस शहर की उपेक्षा की गई। बुनियादी सुविधाओं, आधुनिक शहरी ढांचे और रोजगार के अवसरों की दिशा में कोई ठोस काम नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वाम दल और कांग्रेस जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में लगातार नाकाम रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि नगर निगम में भाजपा की जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं है, बल्कि यह तिरुवनंतपुरम के लोगों की उम्मीदों और विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा की टीम ने विकसित तिरुवनंतपुरम की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है और आने वाले समय में शहर में विकास और सुशासन के नए उदाहरण देखने को मिलेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम के लोगों से भरोसा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस बदलाव का इंतजार लोग लंबे समय से कर रहे थे, अब वह बदलाव आने वाला है। प्रधानमंत्री ने विश्वास दिलाया कि भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी और केरल को विकास, पारदर्शिता और सुशासन के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
