बड़ेपुरा कुसुमा गांव से 11 मजदूर और चालक समेत 12 लोग हरियाणा जा रहे थे, खरखौदा बस अड्डे के पास तड़के चार बजे हुआ हादसा
पीलीभीत: हरियाणा के सोनीपत जिले में बृहस्पतिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में पीलीभीत जिले के पांच मजदूरों और वाहन चालक की मौत हो गई। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रोहतक स्थित पीजीआई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही बड़ेपुरा कुसुमा में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजन हरियाणा के लिए रवाना हो गए हैं।
मजदूरी के लिए हरियाणा जा रहे थे 12 लोग
ग्रामीणों के मुताबिक, दियोरिया कलां थाना क्षेत्र के बड़ेपुरा कुसुमा गांव से 11 मजदूर और एक चालक समेत कुल 12 लोग लोडर वाहन से हरियाणा में मजदूरी करने के लिए निकले थे बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे सोनीपत के खरखौदा बस अड्डे के पास उनका वाहन भीषण हादसे का शिकार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
चार की मौके पर मौत, एक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे में रामनरेश (35), अग्रपाल मौर्य (30), सुशील शर्मा (22) और वाहन चालक आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल मेवाराम (40) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में पीलीभीत के पांच मजदूरों और चालक की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची है।
सात घायल, रोहतक पीजीआई में चल रहा उपचार
हादसे में खुशीराम शर्मा (55), प्रमोद मौर्य (18), संजीव मौर्य (25), पातीराम वर्मा (27), महेंद्र पाल मौर्य (60), हरिशंकर वर्मा (35) और विवेक (20) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रोहतक स्थित पीजीआई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है।
केंद्रीय राज्यमंत्री को दी हादसे की जानकारी
हादसे की जानकारी मिलने के बाद किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने खरखौदा थाना प्रभारी अनिल कुमार से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने हादसे और घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया। हादसे की जानकारी पीलीभीत सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को भी संदेश के माध्यम से दी गई। बताया गया कि केंद्रीय राज्यमंत्री ने हरियाणा के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर घायलों के उपचार समेत हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
परिजनों के पहुंचने के बाद होगी पंचनामा कार्रवाई
खरखौदा थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि सभी घायलों का रोहतक पीजीआई में उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल मेवाराम की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। पुलिस के अनुसार, मृतकों के परिजन हरियाणा पहुंच रहे हैं। उनके पहुंचने के बाद पंचनामा की कार्रवाई की जाएगी और इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
गांव में पसरा मातम, शवों के लौटने का इंतजार
हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही बड़ेपुरा कुसुमा में मातम पसर गया। मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है। परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जल्द पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि मृतकों के शव गांव लाए जा सकें और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हो सके।
