पूरनपुर चीनी मिल के आगे हुआ हादसा, सितारगंज से खुटार जा रहा था परिवार; कार के परखच्चे उड़े, चालक वाहन में फंसा
पीलीभीत: पूरनपुर में पूरनपुर-खुटार हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
चीनी मिल के आगे डंपर और कार में भिड़ंत
हादसा पूरनपुर चीनी मिल से आगे हुआ। बताया गया कि उत्तराखंड के सितारगंज स्थित शक्तिफॉर्म निवासी एक परिवार कार से शाहजहांपुर के खुटार जा रहा था। कार में सनातन, उनकी पत्नी साधना, बेटी खुशबू, बेटा शांतनु, एक बुजुर्ग महिला और परिवार के सदस्य तारष सवार थे। चीनी मिल से थोड़ा आगे पहुंचते ही कार की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
साधना और बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत
हादसे में सनातन की पत्नी साधना और एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में एक घायल की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
ड्राइविंग सीट पर फंसा था चालक तारष
हादसे के समय कार तारष चला रहे थे। टक्कर के बाद वह ड्राइविंग सीट पर ही बुरी तरह फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की। कार में फंसे चालक को निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। काफी प्रयास के बाद तारष को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई।
क्रेन से हटाई गई क्षतिग्रस्त कार
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। डंपर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
परिजनों को दी गई हादसे की सूचना
हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना से इलाके में भी शोक का माहौल है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
