पीलीभीत में पुलिस मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद शातिर चोर गिरफ्तार; साथी फरार
न्यूरिया में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल; चोरी के आभूषण, बाइक और तमंचा बरामद
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मंगलवार को न्यूरिया पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर चोर के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी के आभूषण, बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने पर भागे बदमाश
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल के नेतृत्व में न्यूरिया पुलिस और विशेष अभियान दल की टीम मझोला से धनकुना की ओर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक सवार रुकने के बजाय भुजिया मजार संपर्क मार्ग की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई।
जैनुल आबदीन गिरफ्तार, साथी फरार
पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान न्यूरिया थाना क्षेत्र निवासी जैनुल आबदीन के रूप में की है। उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका साथी रामपुर काजी, ऊधमसिंहनगर निवासी रमन अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में भी उसकी तलाश कर रही है।
चोरी के आभूषण और तमंचा बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से १९५० ग्राम चांदी और १२.९३ ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा बाइक, तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने हाल ही में एक दुकान और एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
आरोपी पर दर्ज हैं १३ मुकदमे
पुलिस के अनुसार जैनुल आबदीन शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ न्यूरिया, सुनगढ़ी, कोतवाली और बरखेड़ा थानों में चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े १३ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही फरार साथी रमन की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।
मुठभेड़ के बाद इलाके में बढ़ी पुलिस सक्रियता
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी, पीलीभीत
