2% कटौती और प्रति कुंटल अतिरिक्त वसूली का आरोप, किसान संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
पीलीभीत : यूपी के पीलीभीत जिले में गेहूं खरीद केंद्रों और मिलों पर किसानों से अवैध वसूली और उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस मामले को लेकर किसान संगठनों में आक्रोश है और पश्चिमी किसान मोर्चा, संयुक्त जनादेश पार्टी के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
किसानों से जबरन कटौती का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष गुरदेव सिंह ने आरोप।लगाया कि गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों से 2% सीडी कटौती और प्रति कुंटल 1 किलोग्राम अतिरिक्त गेहूं के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सरकारी कांटों पर भी हो रहा उत्पीड़न
किसानों का कहना है कि खरीद केंद्रों पर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। कई मामलों में बिना ठोस कारण बताए गेहूं की खरीद निरस्त कर दी जाती है, जिससे किसान मजबूर होकर अपनी उपज कम दामों में बेचने को विवश हो रहे हैं।
किसान संगठनों का विरोध, सौंपा ज्ञापन
इस मुद्दे को लेकर किसान नेताओं ने डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
DM सख्त, जांच टीम गठित
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई और तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एक टीम गठित कर पूरी रिपोर्ट मांगी है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
