पीलीभीत : पीलीभीत से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक बरात से लौट रही बस पर हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से बस चालक और उसके 16 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मामला पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र के गांव गौनेरी का है। यहां रविवार देर रात बरातियों को छोड़ने के बाद निजी बस चालक सज्जन खां अपनी बस को बैक कर रहे थे। उनके साथ बस में उनका 16 वर्षीय बेटा फारूक भी मौजूद था। इसी दौरान बस के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर बस पर गिर गया।
तार गिरते ही पूरी बस में तेज करंट दौड़ गया। करंट लगने से चालक सज्जन खां और उनके बेटे फारूक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के साथ ही बस के अगले हिस्से में आग लग गई और आगे के दोनों टायर जलकर राख हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद दोनों को बस से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि हादसे से महज दस मिनट पहले ही 50 से अधिक बराती बस से उतर चुके थे। यदि तार कुछ मिनट पहले टूटता तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। ग्रामीण इसे भगवान की कृपा मान रहे हैं कि बड़ी संख्या में लोगों की जान बच गई। मृतक सज्जन खां शहर के मोहल्ला फारूक के रहने वाले थे और निजी बस के मालिक होने के साथ खुद ही बस चलाते थे। उनके परिवार में अब बड़ा बेटा कामरान ही बचा है। पिता और पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर नताशा गोयल, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीम जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी।पीलीभीत में हुआ यह हादसा बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग मृतकों के परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
