बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के पहले दिन जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। सोमवार को दोनों पालियों में कुल 17,472 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी।।मगर, इसमें से 13,263 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 4,209 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।।।पहली पाली में कुल 8,736 अभ्यर्थियों में से 6,627 ने परीक्षा दी, जबकि 2,109 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 8,736 में से 6,636 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 2,100 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
19 परीक्षा केंद्रों को 5 जोन में बांटा
परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए 19 केंद्रों को पांच जोन में विभाजित किया गया था। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। अभ्यर्थियों का प्रवेश बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही किया गया। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पिछले भर्ती परीक्षाओं में साल्वर पकड़े जाने की घटनाओं को देखते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस भर्ती परीक्षा 9 और 10 जून को भी दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
