Parliament News: छात्र आंदोलन पर संसद में हंगामा, विपक्ष का सरकार पर हमला, शिक्षा सुधार विधेयक पर भी टकराव
लोकसभा और राज्यसभा में लगातार बाधित रही कार्यवाही, छात्र आंदोलन और शिक्षा सुधार विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष-विपक्ष आमने-सामने
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 20 जुलाई को हुए छात्र आंदोलन और उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर मंगलवार को संसद के दोनों सदनों में जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए जवाब मांगा, जबकि सत्ता पक्ष ने शिक्षा सुधार विधेयक और संसद की कार्यवाही में बाधा डालने को लेकर विपक्ष पर पलटवार किया।
बार-बार स्थगित हुई संसद की कार्यवाही
विपक्ष के लगातार हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी। बाद में लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही शाम पांच बजे तक स्थगित करते हुए सरकार और सभी दलों से आपसी सहमति बनाने का आग्रह किया। वहीं राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी दोनों सदनों में हंगामा जारी रहा।
शिक्षा सुधार विधेयक पर भाजपा का पलटवार
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने लोक परीक्षाएं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष शिक्षा सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी संसद की कार्यवाही बाधित कर रहा है और जनता के जनादेश का सम्मान नहीं कर रहा।
गृह मंत्री से जवाब मांगता रहा विपक्ष
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री से सदन में आकर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली और बिहार की घटनाओं को लेकर सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई से जुड़े निर्णय किस स्तर पर लिए गए।
डिंपल यादव ने भी सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने छात्रों के खिलाफ कथित कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई घटनाएं बेहद गंभीर हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा जवाबदेही तय होनी चाहिए।
एनडीए संसदीय दल की बैठक आज
इस बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल की बैठक मंगलवार सुबह 9:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन स्थित जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाली है। माना जा रहा है कि संसद में जारी गतिरोध और आगे की रणनीति पर इस बैठक में चर्चा होगी।
