सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास बोले- कई राज्यों से हिरासत और गिरफ्तारी की खबरें, सरकार अपने वादे का पालन करे
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने दावा किया है कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार समेत कई राज्यों से छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने तथा गिरफ्तार किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। पार्टी ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि पार्टी ने देशव्यापी आंदोलन केवल सरकार के उस आश्वासन के बाद स्थगित किया था, जिसमें कहा गया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ वर्तमान या भविष्य में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि यदि अब गिरफ्तारियां हो रही हैं तो यह दिए गए भरोसे के विपरीत है।
पार्टी ने कहा कि उसकी कानूनी टीम पहले दिन से सक्रिय है और विभिन्न राज्यों के अधिवक्ताओं के साथ मिलकर हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई तथा उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। सीजेपी ने केंद्र सरकार से मांग की कि सभी गिरफ्तार लोगों को तत्काल रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस ली जाएं।
सीजेपी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से अपील करते हुए कहा कि सरकार अपने वादों का सम्मान सुनिश्चित करे। पार्टी का कहना है कि आंदोलन को सद्भावना और संवाद की भावना के साथ स्थगित किया गया था, इसलिए सरकार को भी अपने आश्वासनों का पालन करना चाहिए।
सीजेपी ने अपने समर्थकों और युवा प्रदर्शनकारियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई और एफआईआर वापस लेने की मांग पूरी नहीं हुई, तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।