48 घंटे में भुगतान की व्यवस्था, सरकार ने बढ़ाई रफ्तार
बरेली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर खाद्य एवं विपणन विभाग ने धान खरीद प्रक्रिया को तेज कर दिया है। किसानों से उनकी फसल सीधे खेतों पर जाकर खरीदी जा रही है और 48 घंटे के भीतर भुगतान उनके खातों में भेजा जा रहा है। धान खरीद 1 नवंबर से शुरू हुई है और 28 फरवरी 2026 तक जारी रहेगी। वहीं पश्चिमी यूपी में 1अक्टूबर से ही खरीद प्रक्रिया चल रही है।सरकार ने सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।
बरेली मंडल में 1.06 लाख एमटी धान की खरीद, 17 हजार किसानों को भुगतान
बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं जिलों में धान खरीद को लेकर तैयारियां तेज हैं। क्रय केंद्रों को राइस मिलों से जोड़ दिया गया है। रीजनल फूड मार्केटिंग ऑफिसर सचिन चौरसिया के अनुसार, मंडल के लिए 7.19 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें से 1,06,853 मीट्रिक टन धान की खरीद पूरी कर ली गई है। मंडल के 17,077 किसानों के खातों में अब तक 24,536 लाख रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों से लगातार संपर्क रखें, खरीद की गति बढ़ाएँ और भुगतान में एक दिन की भी देरी न हो, ताकि किसान समय से गेहूँ की बुवाई कर सकें।

प्रदेश में 2.86 लाख एमटी खरीद, 43 हजार से अधिक किसानों को 545 करोड़ जारी
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 2.86 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 65,820 टन अधिक है। 43,105 किसानों को 545 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में भेजे जा चुके हैं। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि एक भी किसान का भुगतान लंबित नहीं रहेगा। आधार-लिंक्ड खातों में धनराशि तुरंत ट्रांसफर की जाएगी और जब तक किसानों के पास धान रहेगा, कोई भी सरकारी क्रय केंद्र बंद नहीं होगा।
फरवरी तक खरीद जारी, 60 लाख एमटी लक्ष्य के करीब पहुंचने की उम्मीद

सरकार 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीद लक्ष्य को पूरा करने की तैयारी में है। फरवरी तक खरीद अवधि बढ़ाए जाने और मौजूदा रफ्तार को देखते हुए अनुमान है कि प्रदेश इस लक्ष्य के बेहद करीब पहुँच जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा है कि “एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा और एक-एक किसान को उसका पूरा हक मिलेगा।
