लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के औपचारिक ऐलान के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए अध्यक्ष का स्वागत किया और कहा कि अब सरकार और संगठन मिलकर उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश को विकास के नए शिखर तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने 2017 का जिक्र करते हुए कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी, तभी से उत्तर प्रदेश की पहचान बदलनी शुरू हुई। पहले जहां यूपी की पहचान दंगों, अराजकता और खराब कानून व्यवस्था से होती थी, वहीं आज प्रदेश विकास और निवेश का केंद्र बन चुका है। कानून व्यवस्था में सुधार का ही परिणाम है कि देश-विदेश के निवेशकों ने उत्तर प्रदेश की ओर रुख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से प्रदेश को हर स्तर पर पूरा सहयोग मिला और जब भी विकास से जुड़ी कोई मांग रखी गई, उसे पूरा किया गया।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में पहली बार निवेशकों के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ, जिससे हजारों करोड़ के निवेश धरातल पर उतरे। इसी विकास नीति के कारण उत्तर प्रदेश बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकला और अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान विकास और विरासत के साथ होती है, जो भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैकड़ों वर्षों के इंतजार के बाद राम मंदिर का भूमि पूजन हुआ, फिर भव्य मंदिर का उद्घाटन किया गया और 25 नवंबर को ध्वजारोहण समारोह के साथ मंदिर के पूर्ण होने की घोषणा हुई। उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा सरकार के मजबूत नेतृत्व में ही संभव हो सका है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा हाईवे हैं और मेट्रो रेल संचालन में भी यूपी देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने बिजली व्यवस्था पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि पहले प्रदेश में तीन-चार घंटे ही बिजली आती थी, लेकिन अब यूपी एक मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर वाला राज्य बन चुका है। यह डबल इंजन की सरकार का ही परिणाम है।
एसआईआर प्रक्रिया पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण पूरी शुद्ध नीयत से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को जोड़ना और फर्जी मतदाताओं को सूची से बाहर रखना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने में मदद करें और यह भी सुनिश्चित करें कि फर्जी नाम शामिल न हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मतदाता सूची साफ-सुथरी होगी, तो कार्यकर्ताओं का तीन चौथाई काम अपने आप पूरा हो जाएगा और विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत सुनिश्चित होगी।
