बरेली: कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव और पूर्व विधानसभा ऑवला प्रत्याशी ओमवीर यादव ने हाल ही में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से अहम मुलाकात की। बैठक में बरेली जिले की राजनीतिक परिस्थितियों, जनता की अपेक्षाओं और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
ओमवीर यादव ने प्रियंका गांधी को बरेली जिले में कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति और स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश और जनसमर्थन बढ़ाने के लिए पार्टी नेतृत्व से विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी ने बैठक में स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ लड़ा जाएगा और बरेली की सीटों पर विशेष फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे उत्तर प्रदेश में मजबूत रणनीति और जनता के समर्थन के बल पर चुनावी मैदान में उतरेगी।
प्रियंका गांधी ने ओमवीर यादव की सक्रियता और क्षेत्रीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य जनता के मुद्दों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उन्हें सशक्त विकल्प प्रदान करना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहने और जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
ओमवीर यादव ने बैठक के बाद कहा कि प्रियंका गांधी का नेतृत्व कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत है और कांग्रेस आने वाले चुनावों में प्रदेश में नई ऊर्जा के साथ उतरेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह बैठक बरेली कांग्रेस की आगामी रणनीति और संगठनात्मक दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
