आरोपी अरविंद शर्मा
बरेली/शाहजहांपुर: शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की टीम ने शुक्रवार को राजस्व निरीक्षक अरविंद शर्मा को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी को रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, तहसील तिलहर (जनपद शाहजहांपुर) से पकड़ लिया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश पर की गई।
अभियुक्त और शिकायत का विवरण
अरविंद शर्मा, निवासी ग्राम मोहनपुर, थाना कांठ, शाहजहांपुर हैं और फिलहाल मोहल्ला दातागंज, थाना तिलहर में निवासरत थे। शिकायतकर्ता इन्द्रजीत, निवासी ग्राम नहरोसा, थाना मदनापुर, तिलहर ने आरोप लगाया कि उनकी ताई फुल्ला देवी के नाम पट्टे की जमीन को असंक्रमणीय से संक्रमणीय कराने की फाइल के निस्तारण के एवज में राजस्व निरीक्षक ने उनसे ₹5,000 की रिश्वत मांगी थी।
भ्रष्टाचार निवारण टीम की कार्रवाई
शिकायत मिलते ही भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने तुरंत कार्रवाई की और नियमानुसार जाल बिछाया। शुक्रवार दोपहर 1:04 बजे अभियुक्त को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तार होने के बाद टीम ने मौके पर ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में थाना रामचन्द्र मिशन, शाहजहांपुर में मुकदमा पंजीकृत कराया गया।
आमजन से अपील
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है, तो वे तुरंत संगठन से संपर्क करें और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएँ।
