नोएडा : नोएडा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां देश के सबसे बड़े एविएशन प्रोजेक्ट्स में से एक, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने 28 या 29 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं।
इस मौके को भव्य बनाने के लिए एक विशाल जनसभा और रैली की भी तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है और अधिकारी लगातार स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
अपर आयुक्त राजीव मिश्रा ने अन्य अधिकारियों के साथ हवाई अड्डा परिसर का दौरा किया और उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और आम जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने भी एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में पर्यावरण से जुड़े मुद्दों और एयरपोर्ट संचालन के बाद होने वाले प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य समयबद्ध और तय मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं।
प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर जर्मन शैली के हैंगर बनाए जा रहे हैं, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से बैठाया जा सके। इसके अलावा मंच, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह एयरपोर्ट न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और कनेक्टिविटी के नए अवसर खुलेंगे। स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी इस परियोजना को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
