बरेली : यूपी के बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां ईंट भट्ठे पर खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची पर सियार ने हमला कर दिया। उसको गंभीर हालत में इलाज को भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव सूडयावा निवासी।सर्वेश ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। मंगलवार को जब मजदूर काम में व्यस्त थे, उसी दौरान उनके बच्चे पास में खेल रहे थे। तभी अचानक एक सियार वहां आ पहुंचा और अनामिका नाम की तीन साल की बच्ची पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सियार ने बच्ची के चेहरे पर बुरी तरह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई।
चीख पुकार सुनकर बच्ची को बचाया
सियार के हमले के बाद बच्ची चीखने लगी। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह सियार को भगाया और तुरंत उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी जंगली जानवरों की आवाजाही देखी गई है। जिससे मजदूरों और उनके बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।
