मृतक पत्रकार का फाइल फोटो
प्रयागराज : गुरुवार देर रात एक मीडियाकर्मी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर करीब 25 से ज्यादा वार किए, जिससे आंतें बाहर निकल आईं। उन्हें गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना सिविल लाइंस स्थित हर्ष होटल के सामने रात करीब 10:30 बजे हुई। वारदात के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने एक आरोपी विशाल को नेहरू पार्क के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में तीन गोली लगी हैं, जिसके बाद उसे भी एसआरएन में भर्ती कराया गया है।
मृतक मीडियाकर्मी की पहचान एल.एन. सिंह उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलिया के निवासी थे और पिछले कई वर्षों से प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में परिवार के साथ रह रहे थे। वह एक निजी न्यूज चैनल से जुड़े हुए थे और इसी सिलसिले में अक्सर सिविल लाइंस क्षेत्र में आना-जाना रहता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार रात एल.एन. सिंह किसी काम से जीएचएस रोड पर पहुंचे थे, जहां उनकी आरोपी साहिल से कहासुनी हो गई। इसी दौरान साहिल के दोस्त विशाल और अन्य साथियों ने मिलकर उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर वे मौके पर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने काफी प्रयास किए, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिवार ने बताया कि एल.एन. सिंह का बुधवार को भी आरोपियों से किसी बात पर विवाद हुआ था। आपसी रंजिश के चलते गुरुवार को फिर झगड़ा भड़क गया और उसकी परिणति हत्या में हुई।
एल.एन. सिंह के चाचा और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि भांजे ने फोन कर कहा था— “चाचा, मुझे बचा लीजिए।”लेकिन जब तक वे पहुंचे, तब तक वह लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे।
एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा के निर्देशन में मामले की जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी विशाल की पहचान हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नेहरू पार्क में उसे घेर लिया। पुलिस को देखते ही उसने गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में विशाल घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस का कहना है कि उसकी हालत में सुधार होने के बाद उससे अन्य आरोपियों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। वारदात में शामिल बाकी अपराधियों की तलाश जारी है। वहीं, इस घटना से पत्रकारों में आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
