शामली : पुलिस और SOG टीम ने गुरुवार देर रात कुख्यात एक लाख के इनामी बदमाश मोहम्मद फैसल को मुठभेड़ में मार गिराया। भैया दूज के दिन शाम करीब 6 बजे फैसल ने अपने साथी के साथ झिंझाना क्षेत्र में पति-पत्नी से बाइक और जेवर लूट लिए थे। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और हाईवे पर चेकिंग शुरू कर दी।
रात 10 बजे पुलिस को संदिग्ध बाइक सवार दिखे। रोकने का इशारा किया गया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में फैसल को गोली लगी और बाद में उसकी मौत हो गई। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया है।
इस मुठभेड़ में SOG के सिपाही दीपक निर्वाण भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से दो बाइक, दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं।
फैसल मूल रूप से मेरठ के लिसाड़ी गेट का रहने वाला था, लेकिन इन दिनों मुजफ्फरनगर के खालापार में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था। वह पहले संजीव जीवा गैंग के लिए शूटर था। जीवा की हत्या के बाद वह गैंग के नए लीडर शाहरुख पठान के लिए काम करने लगा था। जुलाई में शाहरुख का भी STF ने एनकाउंटर कर दिया था।
फैसल पर लूट, हत्या समेत करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज थे। 2015 में उसने शाहरुख पठान के साथ मिलकर मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर पुलिस कस्टडी में मौजूद बदमाश आसिफ जायदा की गोलियों से हत्या कर दी थी। इसी वारदात के बाद दोनों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित किया गया था और दोनों कई गंभीर अपराधों में लगातार शामिल रहे थे।
पीड़ित जीत राम अपनी पत्नी के साथ मेरठ-करनाल हाईवे से घर लौट रहे थे, जब वे वेदखेड़ी गांव के पास पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें रोककर गन पॉइंट पर लूट लिया। जीत राम ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने चार घंटे में ही बदमाश के आतंक का अंत कर दिया।
