राणा शुगर मिल कर्मचारियों से मारपीट और धमकी देने के आरोप में कार्रवाई, पिछले वर्ष फर्जी वोट बनवाने के मामले में भी आया था नाम
मुरादाबाद: मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में राणा शुगर मिल कर्मचारियों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में समाजवादी पार्टी के नेता नवाब अली अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में नवाब अली अंसारी पर अपने एक दर्जन से अधिक समर्थकों के साथ मिलकर मिल कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर नागल गांव की है। आरोप है कि सपा नेता नवाब अली अंसारी अपने समर्थकों के साथ राणा शुगर मिल कर्मचारियों के पास पहुंचे और उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नवाब अली अंसारी का नाम पिछले वर्ष भी उस समय चर्चा में आया था, जब भोजपुर क्षेत्र में कथित रूप से खानाबदोश लोगों के फर्जी वोट बनवाने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण में जिला प्रशासन द्वारा जांच कराई जा रही है और मामला अभी भी जांच के दायरे में बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नवाब अली अंसारी भगतपुर ब्लॉक क्षेत्र के प्रधान संघ के अध्यक्ष भी बताए जाते हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: रेहान , मुरादाबाद