मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कैबिनेट और राज्य मंत्रियों को विभागों के बंटवारे के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में AIMIM पार्टी के प्रदेश सचिव वकी रशीद ने कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को MSME विभाग दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद जैसे पीतल उद्योग और कारोबार के बड़े केंद्र की लगातार अनदेखी की जा रही है। मीडिया से बातचीत करते हुए वकी रशीद ने आरोप लगाया कि हर राजनीतिक पार्टी चुनाव के समय मुरादाबाद की जनता और यहां के कारोबारियों का इस्तेमाल करती है, लेकिन जब विकास और उद्योगों को बढ़ावा देने की बात आती है तो शहर को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
पीतल उद्योग को लेकर उठाए सवाल
AIMIM नेता ने कहा कि मुरादाबाद पूरे देश में पीतल उद्योग के लिए पहचान रखता है और यहां हजारों लोग MSME सेक्टर से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद उद्योगों को लेकर जमीन पर कोई बड़ी योजना दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि अगर सरकार वास्तव में MSME को मजबूत करना चाहती है तो मुरादाबाद के कारोबारियों और कारीगरों की समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
सरकार पर साधा निशाना
वकी रशीद ने कहा कि मुरादाबाद के लोग हर चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, लेकिन बदले में उन्हें केवल वादे मिलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के विकास, रोजगार और उद्योगों को लेकर लगातार राजनीति की जाती रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि MSME सेक्टर को मजबूत करने के लिए मुरादाबाद में विशेष योजनाएं लागू की जाएं, ताकि स्थानीय कारोबारियों और युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
