ताजपुर में बैंक्वेट हॉल के पीछे मिला शव, परिजनों ने रुपये के लेन-देन को बताया हत्या की वजह
मुरादाबाद: मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर स्थित गरीब नवाज बैंक्वेट हॉल के पीछे 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरबालान निवासी रितिक के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक रितिक एक मुर्गे की दुकान पर काम करता था। उनका आरोप है कि रितिक का दोस्त सलीम उसे चाय पिलाने के बहाने घर से ताजपुर लेकर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर रात तक तलाश के बाद पुलिस ने रितिक का शव मिलने की सूचना दी।
मृतक की मां जया बानो और भाई अदनान का आरोप है कि रितिक के 25 हजार रुपये तनवीर पर बकाया थे, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने सलीम, तनवीर समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भोजपुर थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।