सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन तेज, CJP नेताओं की केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात, विपक्षी सांसद भी पहुंचे जंतर-मंतर
नई दिल्ली: सोनम वांगचुक के समर्थन और परीक्षा सुधारों की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच सोमवार को संसद मार्च की कोशिश के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर बढ़ने से रोक दिया गया। इस बीच CJP के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।
अभिजीत दीपके ने खत्म की भूख हड़ताल
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक के आग्रह पर अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी। उन्होंने यह अनशन वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद शुरू किया था।
संसद मार्च की कोशिश, पुलिस ने रोका
जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक दिया। पार्लियामेंट स्ट्रीट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने नहीं दिया गया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जेपी नड्डा से मिले CJP प्रतिनिधि
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे। संगठन ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत शुरू हो चुकी है और उनकी मांगें स्पष्ट हैं। पार्टी का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के मुद्दों पर समाधान जरूरी है।
डिंपल यादव ने छात्रों का किया समर्थन
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने पार्टी सांसदों के साथ संसद से जंतर-मंतर तक मार्च किया। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन सरकार संवाद करने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी व्यवस्था भ्रष्ट है और इसका सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ रहा है।
खरगे ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद में कहा कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की मांगों को सुनने के बजाय उन्हें रोकने का प्रयास कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने अफवाहों का किया खंडन
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है। पुलिस ने लाठीचार्ज और बड़े पैमाने पर हिरासत में लेने की खबरों को खारिज करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
दिल्ली-यूपी सीमा पर बढ़ाई गई सुरक्षा
जंतर-मंतर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली-यूपी सीमा पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई। वाहनों की जांच की गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। वहीं जंतर-मंतर पर दिनभर प्रदर्शनकारियों और समर्थकों का पहुंचना जारी रहा।
