एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष बोले- सड़कें चलने के लिए हैं, जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए
मुरादाबाद: एआईएमआईएम के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने मुरादाबाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांवड़ यात्रा, कांवड़ मार्ग पर नेम प्लेट, धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और जौहर यूनिवर्सिटी समेत कई मुद्दों पर सरकार और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलना चाहिए और सभी के लिए एक समान नियम लागू होने चाहिए।
कांवड़ यात्रा पर क्या बोले शौकत अली
शौकत अली ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं किए जाएंगे और कांवड़ियों के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि सड़कें आवागमन के लिए होती हैं और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई कानून तोड़ता है या तोड़फोड़ करता है तो उसके खिलाफ समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।
नेम प्लेट विवाद पर उठाए सवाल
कांवड़ मार्ग पर होटल और दुकानों पर नाम प्रदर्शित करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि सरकार कोई व्यवस्था लागू करना चाहती है तो इसके लिए स्पष्ट कानून बनाया जाए, ताकि बार-बार विवाद की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने कहा कि नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए।
लाउडस्पीकर और यूसीसी पर भी की टिप्पणी
धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर से जुड़े फैसलों और मध्य प्रदेश में प्रस्तावित यूसीसी को लेकर भी शौकत अली ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि समान नागरिक संहिता लागू की जाती है तो उसे बिना किसी अपवाद के सभी समुदायों और सभी राज्यों पर समान रूप से लागू किया जाना चाहिए।
जौहर यूनिवर्सिटी और सपा पर भी साधा निशाना
जौहर यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर शौकत अली ने कहा कि इस मामले में समाजवादी पार्टी को खुलकर सामने आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल बयान देने तक सीमित है और वास्तविक संघर्ष नहीं कर रहा। साथ ही उन्होंने सपा पर भी राजनीतिक निष्क्रियता का आरोप लगाया।
रिपोर्ट: रेहान,मुरादाबाद
