अगरतला पुलिस मुख्यालय में हुई घटना, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अगरतला: त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ का सोमवार को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में निधन हो गया। अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने अपने कार्यालय में कथित तौर पर आत्महत्या की। उन्हें तुरंत जीबी पंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, मुख्य सचिव जेके सिन्हा सहित सरकार और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी जीबी पंत अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
1994 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी थे
अनुराग धनखड़ 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी थे। डीजीपी बनने से पहले उन्होंने त्रिपुरा में डीजीपी (इंटेलिजेंस) के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी।
केंद्रीय एजेंसियों और संयुक्त राष्ट्र मिशन में भी दी सेवाएं
तीन दशक से अधिक लंबे पुलिस सेवा करियर में उन्होंने त्रिपुरा पुलिस के अलावा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी कार्य किया। इसके साथ ही वह कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र मिशन का हिस्सा भी रहे, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पुलिसिंग का अनुभव प्राप्त किया।
मौत के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से विस्तृत जांच के बाद ही मौत के संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
