मौलाना मदनी ने कहा- ताकत के बल पर जुल्म कायम नहीं रह सकता, गाजा के हालात और अमेरिका में मुस्लिम उम्मीदवार की जीत का किया जिक्र
नई दिल्ली। जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने अमेरिका और इजराइल के हालिया चुनावी नतीजों को नफरत, धार्मिक कट्टरता और विभाजन की राजनीति करने वाली ताकतों के लिए बड़ा सबक बताया है। उन्होंने कहा कि यह नतीजे इस बात का संकेत हैं कि ताकत के बल पर जुल्म को हमेशा कायम नहीं रखा जा सकता। सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन इंसाफ, इंसानियत और सच्चाई की आवाज हमेशा जिंदा रहती है।
गाजा के हालात को लेकर जताई नाराजगी
मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि इजराइल के चुनावी नतीजों में गाजा के हालात को लेकर जनता की नाराजगी का संदेश दिखाई दिया है। फिलिस्तीन के गाजा में बच्चों, महिलाओं और निहत्थे नागरिकों की मौत, बस्तियों की तबाही, भूख और बेघर होने की स्थिति ने दुनिया के इंसाफ पसंद लोगों को झकझोरा है। उनके मुताबिक, इसी नाराजगी का असर चुनावी नतीजों में भी देखने को मिला और नफरत की राजनीति करने वाली ताकतों को हार का सामना करना पड़ा।
अमेरिका में मुस्लिम उम्मीदवार की जीत का किया जिक्र
मदनी ने अमेरिकी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी सांप्रदायिक राजनीति करने वाली ताकतों को हार मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अब्दुल रहमान अल-सैयद के खिलाफ नकारात्मक प्रचार किया गया। उन्हें कभी जिहादी, कभी शरीयत कानून लागू करने की मंशा रखने वाला तो कभी अमेरिका की सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया। मौलाना मदनी के अनुसार, इसके बावजूद नफरत पर इंसानियत भारी पड़ी और अब्दुल रहमान चुनाव जीत गए। उन्होंने दावा किया कि इस जीत के साथ अल-सैयद को अमेरिकी इतिहास का पहला मुस्लिम सीनेटर बनने का गौरव मिला।
इंसाफ और इंसानियत की आवाज हमेशा जिंदा रहेगी
मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश में धर्म को सत्ता का हथियार बनाकर नफरत और विभाजन फैलाने वाली ताकतों को अमेरिका और इजराइल के चुनावी नतीजों से सबक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन इंसाफ, इंसानियत और सच्चाई के सिद्धांत हमेशा कायम रहते हैं।
