लखनऊ: शुक्रवार को एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जहां चार मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि अपार्टमेंट की तीन मंजिलें पूरी तरह लपटों और धुएं से घिर गईं। इस दौरान बिल्डिंग में मौजूद कई लोग अंदर फंस गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने ऊपरी मंजिलों से कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की, जबकि एक युवक को दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
यह हादसा ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बसंत कुंज इलाके में हुआ। शुक्रवार शाम करीब ढाई बजे बसंत कुंज स्थित 39 नंबर ब्लॉक के एक चार मंजिला अपार्टमेंट से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और तेज लपटें पूरे मकान में फैल गईं। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को अलर्ट किया गया।
मौके पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। एहतियातन आसपास के मकानों को खाली कराया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। आग लगने से पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंशु मित्तल ने बताया कि आग में फंसे एक युवक को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए लगातार रेस्क्यू और कूलिंग का काम किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत एसी के पास हुए शॉर्ट सर्किट से हुई। पहले हल्का धुआं निकला और फिर अचानक तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने मकान के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बिल्डिंग में रह रहे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आसपास के तीन मकान भी आ गए, हालांकि समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा और बिजली उपकरणों की नियमित जांच की जरूरत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
