कोटा : रेल मंडल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में भीषण आग लग गई। यह हादसा विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा स्टेशनों के बीच अल सुबह हुआ। आग ने देखते ही देखते थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
यात्रियों में मची भगदड़, सुरक्षित निकाला गया बाहर
बताया जा रहा है कि हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन रुकते ही लोग अपना सामान लेकर जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। हालांकि कई यात्रियों का सामान ट्रेन में ही छूट गया। रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रभावित यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया।
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही कोटा रेलवे स्टेशन पर हूटर बजाया गया और मेडिकल टीम के साथ दुर्घटना राहत ट्रेन को मौके के लिए रवाना किया गया। कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। डीआरएम समेत रेलवे के कई अधिकारी और भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
रेलवे कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत ओएचई यानी बिजली सप्लाई बंद करवा दी, जिससे इस रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल रेलवे अधिकारी आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
