बागपत/खेकड़ा/लखनऊ : दिल्ली से सहारनपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन में शुक्रवार देर रात एक सीट विवाद के चलते खेकड़ा निवासी युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहल्ला अहिरान निवासी दीपक यादव (39 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली में नौकरी करता था और उसी से लौट रहा था। घटना खेकड़ा रेलवे स्टेशन के समीप हुई, जहां यात्रियों के बीच सीट को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आई है। यह कहासुनी मारपीट में बदल गई। हमलावरों ने दीपक पर बेरहमी से हमला किया और जब ट्रेन खेकड़ा स्टेशन पर पहुंची, तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल दीपक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपियों की तलाश में जुटी जीआरपी
जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी बड़ौत द्वारा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया गया है। जीआरपी बड़ौत द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
पहले भी हुई हैं घटना
दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर यह कोई पहली घटना नहीं है। 10 दिन पहले भी एक सीट विवाद में मारपीट हुई थी। जिसमें कई युवक घायल हुए और एक को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया था। उस घटना के आरोपी भी ट्रेन के गोठरा और फखरपुर हॉल्टों पर कूदकर फरार हो गए थे।
