अमरोहा/लखनऊ : यूपी के अमरोहा जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब सदर विधायक एवं पूर्व मंत्री महबूब अली के छोटे बेटे शाहनवाज अली की कार चलाने वाले 35 वर्षीय ड्राइवर प्रवीण कुमार का शव एक मकान की छत पर पड़ा मिला। मृतक प्रवीण रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव खाता का रहने वाला था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक क्लेश और आत्महत्या की आशंका जताई गई है। शुक्रवार को प्रवीण की पत्नी कोमल और ससुराल वालों के साथ पंचायत हुई थी। इसके बाद वह घर से चला गया था। शनिवार सुबह खाता गांव में ही स्थित चुम्मन लाल के खाली मकान की छत पर ग्रामीणों ने उसका शव देखा।
मृतक का भाई बोला, पारिवारिक विवाद से था परेशान
पुलिस को मृतक के भाई ने बताया कि प्रवीण घरेलू तनाव से परेशान था और जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की हो सकती है। The Justice Hindi को एसपी अमरोहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
