कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अगले हफ्ते नई दिल्ली का दौरा कर सकती हैं। यह दौरा ऐसे समय में प्रस्तावित है, जब तृणमूल कांग्रेस राज्य में चल रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर लगातार विरोध जता रही है। पार्टी का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए चुनाव से पहले मतदाता सूची को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
इसी राजनीतिक परिस्थितियों के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा के अंतरिम बजट सत्र के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। 294 सदस्यों वाली विधानसभा के इस सत्र का शेड्यूल आधिकारिक रूप से संशोधित कर दिया गया है। पहले यह सत्र 31 जनवरी से शुरू होना था, लेकिन अब इसे 3 फरवरी से शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा पेश किया जाने वाला वोट-ऑन-अकाउंट बजट भी टाल दिया गया है। पहले यह बजट 2 फरवरी को पेश किया जाना था, लेकिन अब इसे 5 फरवरी को विधानसभा में रखा जाएगा। राज्य सरकार का कहना है कि मौजूदा राजनीतिक हालात और प्रशासनिक व्यस्तताओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में लगभग तीन महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में बजट सत्र और मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि ममता बनर्जी दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात कर मौजूदा हालात पर चर्चा कर सकती हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दौरे को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे चुनाव से पहले एक अहम रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
