लखनऊ : भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान से हटाने का फैसला लिया गया है। यह कदम तब आया, जब उनकी सपा सांसद प्रिया सरोज से सगाई की खबर सार्वजनिक हुई। चुनाव आयोग ने प्रचार सामग्री से उनकी तस्वीरें हटाने का भी आदेश जारी किया है।
क्या कहा आयोग ने?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का कहना है कि “रिंकू सिंह राज्य के ‘आइकन’ के तौर पर मतदाता अभियान से जुड़े थे, लेकिन जब कोई व्यक्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से किसी राजनीतिक दल से जुड़ जाता है, तो उसे इस तरह के सार्वजनिक अभियान से अलग किया जाता है, ताकि निष्पक्षता बनी रहे।”रिंकू सिंह के फैंस इस फैसले से निराश हैं। सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई है कि क्या सगाई सिर्फ व्यक्तिगत मामला नहीं है? या क्या चुनाव आयोग का फैसला राजनीतिक तटस्थता बनाए रखने के लिए सही कदम है?
जानें कौन हैं प्रिया सरोज
प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सबसे युवा सांसद हैं। वह मछलीशहर लोकसभा सीट से जीतकर संसद पहुंची हैं। उनकी और रिंकू सिंह की सगाई की तस्वीरें कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।
