लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी सोमवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव करने पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और हटाने की कोशिश की तो कई अभ्यर्थी जमीन पर लेट गए। प्रदर्शनकारियों ने ‘केशव चाचा बाहर आओ’ के नारे भी लगाए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें उठाकर बस में बैठाया और वापस प्रदर्शन स्थल इको गार्डन भेज दिया।
2018 की भर्ती के बाद से जारी है विरोध
प्रदेश में वर्ष 2018 में 68500 पदों पर बेसिक सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसमें शामिल हुए अभ्यर्थियों में से करीब 6800 ओबीसी अभ्यर्थी भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों का आरोप लगाते हुए लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों के मुताबिक, उनका आंदोलन पिछले 79 दिनों से इको गार्डन में जारी है। इससे पहले भी वे पिछड़े वर्ग से जुड़े मंत्रियों के आवास का घेराव कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री से वार्ता कराने की मांग
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत कराने और मामले में हस्तक्षेप कर नियुक्ति का रास्ता साफ करने की मांग की। उन्होंने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन कराने की भी मांग उठाई। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत की छूट का लाभ नहीं दिया गया। उनका कहना है कि आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर कर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। अभ्यर्थियों ने मांग की कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान कर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाए। फिलहाल अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है।
