बिनावर के मालगांव हॉल्ट के पास धुआं उठते ही रोकी ट्रेन, चालक इंजन से कूदकर सुरक्षित निकला, सभी यात्रियों को सकुशल उतारा गया, आग के कारणों की जांच शुरू
बदायूं/बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर रेल मंडल की कासगंज-बरेली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में अचानक आग लग गई। यह घटना बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र में स्थित मालगांव हॉल्ट स्टेशन के पास हुई। इंजन से धुआं उठता देख लोको पायलट ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए ट्रेन रोक दी और इंजन से सुरक्षित नीचे उतर गया। कुछ ही देर में इंजन से आग की लपटें उठने लगीं। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोको पायलट की त्वरित सूझबूझ के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
टेक्निकल टीम ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी अधिकारी और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने और स्थिति सामान्य करने का काम शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खराबी सहित सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी।
ट्रेनों का संचालन घंटों को बंद
इस घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल संचालन प्रभावित रहा। प्रभावित रेलखंड पर कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।रेलवे प्रशासन ने ट्रैक को जल्द से जल्द सामान्य कर रेल यातायात बहाल करने के निर्देश दिए हैं।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया लोको पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
