गर्मियों में अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बढ़ाई सुविधाएं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत और कासगंज रूट के यात्रियों को मिलेगी राहत
बरेली : गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने दो प्रमुख ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के संचालन और अवधि विस्तार की घोषणा की है। इससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से बताया गया कि 09075/09076 मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट विशेष ट्रेन का संचालन एक अतिरिक्त फेरे के लिए बढ़ाया गया है। यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से 20 मई 2026 को रवाना होगी, जबकि वापसी में काठगोदाम से 21 मई 2026 को चलेगी।
बरेली समेत कई स्टेशनों को फायदा
यह विशेष ट्रेन बोरीवली, सूरत, वडोदरा, कोटा, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी, किच्छा और हल्द्वानी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी सेकेंड, एसी थर्ड, स्लीपर और जनरल कोच शामिल होंगे।
यूपी और उत्तराखंड के यात्रियों को बड़ी राहत
रेलवे प्रशासन ने 09157/09158 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन के संचालन की भी घोषणा की है। यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से 17 मई 2026 को रवाना होगी, और 18 मई को गोरखपुर से वापसी करेगी। यह स्पेशल ट्रेन बोरीवली,सूरत, वडोदरा, कोटा, मथुरा, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर,पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर, गोंडा और बस्ती जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें स्लीपर, सामान्य श्रेणी, एलएसएलआरडी और जनरेटर कोच शामिल हैं।
पैसेंजर की लंबी वेटिंग के बाद लिया फैसला
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ग्रीष्मकाल में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को इन विशेष ट्रेनों से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
