बरेली : जिला अस्पताल बरेली में गुरुवार को उस समय स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई, जब नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड यानी एनक्वास टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का कई घंटों तक गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण की शुरुआत ओपीडी से की गई, जहां मरीजों की पर्ची व्यवस्था, डॉक्टरों की उपलब्धता और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया गया। इसके बाद टीम बच्चा वार्ड, एनआरसी, आईपीडी, इमरजेंसी और पुराने अस्पताल परिसर के विभिन्न वार्डों में पहुंची। टीम के सदस्यों ने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर इलाज, दवा और स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक भी लिया। इसके अलावा टीम ने ऑपरेशन थिएटर, रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी विभाग का भी निरीक्षण किया।
क्वालिटी चेक, डॉक्टरों और स्टाफ से पूछताछ
यहां उपकरणों की स्थिति, जांच रिपोर्टों का रिकॉर्ड, दवा स्टॉक और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को बारीकी से परखा गया। कर्मचारियों से पूछताछ कर यह देखा गया कि विभागों में तय मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण और अग्निशमन उपकरणों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। कुछ स्थानों पर छोटी-मोटी खामियां मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई गई और तय समय सीमा में सुधार के निर्देश दिए गए।
मरीजों से की सीधे बातचीत
टीम ने पर्चा काउंटर और दवा वितरण केंद्र की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जिला अस्पताल को एनक्वास मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभागाध्यक्ष, डॉक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
