नई दिल्ली : भारतीय रेलवे एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है, जो लाखों यात्रियों को सीधे प्रभावित करेगा। अब तक ऑनलाइन तत्काल टिकट पर ओटीपी आधारित वेरिफिकेशन लागू था, लेकिन जल्द ही यह नियम रिज़र्वेशन काउंटर यानी टिकट विंडो पर भी लागू होने वाला है। यानी अब तत्काल टिकट काउंटर से लेने के लिए भी मोबाइल नंबर और ओटीपी अनिवार्य होगा।
भारतीय रेलवे ने घोषणा की है कि बहुत जल्द तत्काल टिकट विंडो पर भी ओटीपी आधारित बुकिंग शुरू की जाएगी। प्रक्रिया बेहद सरल होगी आप टिकट फॉर्म में अपना मोबाइल नंबर भरेंगे, बुकिंग क्लर्क उस नंबर को सिस्टम में डालेगा, और आपके फोन पर एक ओटीपी आएगा। आप जैसे ही ओटीपी बताएंगे, टिकट वेरिफाई होकर तुरंत जनरेट कर दिया जाएगा। रेलवे का कहना है कि यह कदम टिकट बुकिंग प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और एजेंटों के दुरुपयोग से मुक्त करने के लिए उठाया गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन यात्रियों के पास मोबाइल फोन नहीं है, वे तत्काल टिकट कैसे ले सकेंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ऐसे यात्री अपने किसी परिजन या भरोसेमंद व्यक्ति का मोबाइल नंबर दे सकते हैं। ओटीपी उस नंबर पर आएगा और टिकट बुक हो जाएगा। रेलवे ने यह भी कहा कि आज गांव से लेकर शहर तक लगभग हर व्यक्ति के पास मोबाइल फोन उपलब्ध है। इसलिए इस नियम को लागू करने में किसी बड़ी दिक्कत की संभावना नहीं है।
रेलवे ने पिछले एक साल में कई चरणों में टिकट बुकिंग के नियमों को तकनीक के साथ जोड़ा है। जुलाई 2025 में ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग में आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया था। अक्टूबर 2025 में ऑनलाइन सामान्य टिकटों की पहले दिन की बुकिंग पर ओटीपी सिस्टम लागू हुआ। 28 अक्टूबर 2025 से सुबह 8 से 10 बजे के पीक ऑवर में टिकट बुकिंग के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया। IRCTC का कहना है कि इन बदलावों के बाद फर्जी बुकिंग और एजेंटों के दुरुपयोग में काफी कमी आई है।
रेलवे ने 17 नवंबर 2025 से 52 ट्रेनों में ओटीपी आधारित तत्काल टिकट बुकिंग का पायलट प्रोजेक्ट चलाया था। परिणाम सकारात्मक रहे जिसके बाद रेलवे ने इसे सभी ट्रेनों में लागू करने का फैसला किया है। यह सिस्टम चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में लागू किया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
नया सिस्टम लागू होने के बाद भी तत्काल टिकट बुकिंग का समय पहले जैसा रहेगा। एसी तत्काल टिकट यात्रा से एक दिन पहले सुबह 10 बजे और नॉन-एसी तत्काल टिकट यात्रा से एक दिन पहले सुबह 11 बजे उपलब्ध होंगे। उदाहरण के लिए, यदि आपकी यात्रा 10 दिसंबर को है, तो एसी तत्काल टिकट 9 दिसंबर सुबह 10 बजे और नॉन-एसी टिकट 9 दिसंबर सुबह 11 बजे से मिलेंगे।
रेलवे का कहना है कि यह पूरा बदलाव यात्रा प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में है। ओटीपी आधारित काउंटर टिकट बुकिंग से एजेंटों द्वारा अवैध बुकिंग रोकने में काफी मदद मिलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इसे चरणों में लागू किया जाएगा, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
