26 जुलाई को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन चलेगी, बरेली -इज्जतनगर -पीलीभीत समेत कई स्टेशनों को मिलेगा सीधा लाभ, नई एक्सप्रेस के चलते रेलवे ने जारी की संशोधित समय-सारिणी
गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी सौगात देते हुए 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस के नियमित संचालन की घोषणा कर दी है। रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन का उद्घाटन 26 जुलाई 2026 को उझानी से विशेष ट्रेन 05018 के रूप में किया जाएगा, जबकि 27 जुलाई 2026 से इसका नियमित दैनिक संचालन शुरू होगा। नई ट्रेन के संचालन से कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, सीतापुर और लखनऊ (ऐशबाग) के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी और बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
26 जुलाई को चलेगी उद्घाटन विशेष ट्रेन
रेलवे के अनुसार उद्घाटन विशेष ट्रेन (05018) रविवार, 26 जुलाई को उझानी से दोपहर 12 बजे रवाना होगी। यह बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर होते हुए रात 9:10 बजे ऐशबाग पहुंचेगी।
27 जुलाई से रोज चलेगी एक्सप्रेस
27 जुलाई से नियमित संचालन के तहत 15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 4:20 बजे कासगंज से रवाना होकर उझानी, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर होते हुए दोपहर 1 बजे ऐशबाग पहुंचेगी। वापसी में 15311 ऐशबाग -कासगंज एक्सप्रेस प्रतिदिन दोपहर 2 बजे ऐशबाग से रवाना होकर इसी मार्ग से रात 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी।
16 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे ने बताया कि नई एक्सप्रेस में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेजयान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच, एक वातानुकूलित चेयरकार, नौ सामान्य द्वितीय श्रेणी चेयरकार तथा एक एलएसएलआरडी कोच शामिल होगा।
नई एक्सप्रेस के चलते बदले कई ट्रेनों के समय
नई एक्सप्रेस के नियमित संचालन के कारण 27 जुलाई 2026 से कई पैसेंजर ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। रेलवे ने 55083 मैलानी-डालीगंज, 55081 मैलानी-सीतापुर, 55087 मैलानी-डालीगंज, 55084 डालीगंज-मैलानी तथा 55086 गोमतीनगर-पीलीभीत सवारी गाड़ियों का संशोधित समय जारी किया है। इन ट्रेनों के कई स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है ताकि नई एक्सप्रेस का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
यात्रियों से रेलवे की अपील
पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 27 जुलाई से यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन का संशोधित समय अवश्य जांच लें। नई एक्सप्रेस के संचालन और बदले हुए टाइम-टेबल से बरेली मंडल, बदायूं, पीलीभीत, लखीमपुर, सीतापुर और लखनऊ के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
