दिल्ली, लखनऊ, आगरा और बदायूं रूट के भारी वाहनों का बदलेगा रास्ता, चौपुला, लाल फाटक, बुखारा मोड़ समेत कई संवेदनशील प्वाइंट पर रहेगी विशेष निगरानी
बरेली : श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। 31 जुलाई की रात से 24 अगस्त 2026 तक चरणबद्ध तरीके से लागू होने वाली इस व्यवस्था के तहत शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि रोडवेज बसों और हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि विशेष यातायात व्यवस्था श्रावण के पहले सोमवार (3 अगस्त), दूसरे सोमवार (10 अगस्त), महाशिवरात्रि (11 अगस्त), तीसरे सोमवार (17 अगस्त) और चौथे सोमवार (24 अगस्त) को प्रभावी रहेगी। यदि कांवड़ियों की संख्या अपेक्षा से अधिक होती है तो मौके की स्थिति के अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
तीन राज्यों से बरेली आएंगे हजारों कांवड़िये
यातायात पुलिस के अनुसार बड़ी संख्या में कांवड़िये कछला घाट से गंगाजल लेकर बदायूं, भमोरा, देवचरा, रामगंगा, करगैना,चौपुला पुल, लाल फाटक, कैंट और बुखारा मोड़ होते हुए शहर के प्रमुख शिव मंदिरों तक पहुंचेंगे। इसके अलावा हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर और बहेड़ी मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी अधिक रहने की संभावना है। इसी को देखते हुए पूरे रूट पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इन मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
हर शुक्रवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक झुमका तिराहा, परसाखेड़ा रोड नंबर-1, बिलवा अंडरपास, विलयधाम अंडरपास, लालपुर गांव कट, नवदियाझादा, ट्रांसपोर्ट नगर, बुखारा मोड़, रामगंगा तिराहा से शहर की ओर तथा देवचरा, रम्पुरा मोड़ और अखा मोड़ से बदायूं रोड तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली, लखनऊ, आगरा और बदायूं रूट पर बदलेगी व्यवस्था
लखनऊ से दिल्ली जाने वाले ट्रकों को शाहजहांपुर के जलालाबाद से गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन कटरा-नवादा-दातागंज मार्ग से भेजे जाएंगे। वहीं रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली, आगरा और नैनीताल की दिशा में जाने वाले वाहनों को बड़ा बाईपास और अन्य वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। फतेहगंज पूर्वी रेलवे ब्रिज पर निर्माण कार्य के चलते वहां से किसी भी व्यावसायिक वाहन का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
रोडवेज बसों और छोटे वाहनों के लिए अलग रूट
31 जुलाई से 3 अगस्त, 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त और 21 से 24 अगस्त के बीच रोडवेज बसों को पुराना बस अड्डा और चौपुला मार्ग के बजाय अय्यूब खां चौराहा, चौकी चौराहा, बियावान कोठी, मालियों की पुलिया, सैटेलाइट और बड़ा बाईपास के रास्ते संचालित किया जाएगा। छोटे वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
संवेदनशील चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात
सैटेलाइट, बीसलपुर चौराहा, चौकी चौराहा, चौपुला ओवरब्रिज, मिनी बाईपास, झुमका तिराहा, बिलवा पुल, विलयधाम, नवदियाझादा, लालपुर गांव कट, इन्वर्टीज तिराहा, इज्जतनगर स्टेशन, मंडी समिति, रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़, रम्पुरा मोड़, देवचरा, आंवला, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी सहित दो दर्जन से अधिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर मौके पर ही ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
हाईवे पर ट्रकों की पार्किंग पर सख्ती
यातायात पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि हाईवे, तिराहों और चौराहों पर किसी भी हालत में भारी वाहनों की पार्किंग न होने दी जाए। जरूरत पड़ने पर ट्रकों को ढाबों और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा ताकि कांवड़ यात्रा निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
पूरे रूट पर वायरलेस और सुरक्षा उपकरणों से लैस रहेगी पुलिस
श्रावण मास के दौरान मंदिरों, डायवर्जन प्वाइंट और प्रमुख चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट, रिफ्लेक्टर जैकेट, सेफ्टी टॉर्च और रेनकोट उपलब्ध कराए जाएंगे।क्षेत्राधिकारी यातायात पूरे ट्रैफिक प्लान की लगातार निगरानी करेंगे।
एसपी ट्रैफिक की अपील
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की संख्या और मौके की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर यातायात व्यवस्था में तत्काल बदलाव भी किया जा सकता है।
