आजमगढ़ में दिवंगत विधायक आलम बदी के परिजनों से मिले सपा प्रमुख, NEET, पेपर लीक, जौहर यूनिवर्सिटी और भाजपा सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ/आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को “नई पीढ़ी की जीत” और “इंकलाब की जीत” बताते हुए कहा कि छात्र-युवाओं के लंबे आंदोलन के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उनका दावा था कि यदि सरकार समय रहते छात्रों की मांगें मान लेती, तो हालात यहां तक नहीं पहुंचते। अखिलेश यादव ने कहा कि NEET पेपर लीक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कई परीक्षाओं के पेपर लीक हुए और सरकार परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित कराने में विफल रही। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और “फूलप्रूफ” बनाने की जरूरत है ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं न हों।
भाजपा शिक्षा की दुश्मन…
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि छात्र आंदोलन और सोशल मीडिया के जरिए देशभर में उठी आवाज ने सरकार को फैसला लेने के लिए मजबूर किया। उन्होंने आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक संघर्ष की बड़ी सफलता है। रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी कानूनी और लोकतांत्रिक स्तर पर हर संभव लड़ाई लड़ेगी।
मरहूम विधायक आलम बदी के घर पहुंचे अखिलेश
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर शिक्षा, रोजगार, महंगाई, आरक्षण, कानून व्यवस्था और किसानों सहित कई मुद्दों पर हमला बोला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखा रही। आजमगढ़ प्रवास के दौरान अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के दिवंगत (मरहूम) विधायक आलम बदी के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आलम बदी को ईमानदार, लोकप्रिय और आम लोगों की समस्याओं को समझने वाला जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित नेता खो दिया है।
फूलन देवी को श्रद्धांजलि
लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी नेताओं ने उन्हें सामाजिक न्याय, पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज बताते हुए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर कई स्थानों पर विचार गोष्ठियां और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
